भदोही में जमीनी विवाद ने लिया खूनी रूप, मुंबई में काम करने वाले आशीष यादव की गोली मारकर हत्या, तीन लोग घायल।
भदोही | औराई
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के बनपुरवा जंगला गांव में मंगलवार को जमीनी विवाद ने हिंसक और खूनी रूप ले लिया। जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान चली गोली से 28 वर्षीय आशीष यादव की मौत हो गई, जबकि अखिलेश यादव सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक आशीष यादव मुंबई में रहकर काम करता था और हाल ही में अपने गांव आया हुआ था। गांव में पहले से चले आ रहे जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई, जिसमें आशीष यादव को गोली लग गई।
गोली लगने से आशीष यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अखिलेश यादव समेत तीन लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की है।
मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
सूचना पर एएसपी शुभम अग्रवाल भी गांव पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
जमीनी विवाद में एक युवक की जान जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है और एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन विवाद को लेकर बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
न्याय की बात।
www.nyaykibaat.com












