देवरिया: अंतिम संस्कार से पहले मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का बड़ा बयान, बोले— “राजू की जान व्यर्थ नहीं जाएगी।
देवरिया। जिले में चर्चित राजू विश्वकर्मा हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने अंतिम संस्कार से पहले भावुक और कड़ा बयान दिया।
उन्होंने कहा कि यदि वे कानून और संविधान का सम्मान करने वाले व्यक्ति न होते, तो भावनाओं में आकर कठोर कदम उठा सकते थे। उन्होंने कहा कि “हम लोग संविधान और कानून को मानने वाले हैं। राजू विश्वकर्मा की जो जान गई है, वह व्यर्थ नहीं जाएगी। मैं और समाज के कई बड़े लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। जब तक दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हम यहां से नहीं जाएंगे।”
मंत्री के इस बयान के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाज के प्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। पीड़ित परिवार ने भी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।
यह मामला देवरिया जिले में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच तथा दोषियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Nyaykibaat.com













