पत्रकारिता के साथ चाय का कारोबार, मेराल में चर्चा में ‘पत्रकार चायवाला।
मेराल। पत्रकारिता के साथ आत्मनिर्भर बनने की पहल करते हुए मेराल हाई स्कूल ओवरब्रिज के नीचे एक पत्रकार ने चाय की दुकान शुरू की है। दुकान का नाम ‘पत्रकार चायवाला’ रखा गया है। दुकान के बाहर लगा पोस्टर राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
चाय बेचने वाले पत्रकार का कहना है कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। मेहनत और ईमानदारी से किया गया काम सम्मान के योग्य है। पत्रकारिता के साथ चाय का व्यवसाय शुरू करने का उद्देश्य आत्मनिर्भर बनना और लोगों से सीधे जुड़ना है।
उन्होंने बताया कि पत्रकारिता के दौरान आम लोगों की समस्याओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है। अब चाय की दुकान के माध्यम से भी अलग-अलग लोगों से बातचीत और संवाद का अवसर मिलेगा। दुकान की पहचान ‘चाय के साथ सच्ची बात’ के संदेश के साथ की जा रही है।
‘पत्रकार चायवाला’ नाम का पोस्टर देखकर लोग रुककर चाय पीने के साथ इस अनोखी पहल के बारे में जानकारी भी ले रहे हैं। मेराल में पत्रकारिता और स्वरोजगार को साथ लेकर शुरू की गई यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
मेराल हाई स्कूल ओवरब्रिज के नीचे ‘पत्रकार चायवाला’ की दुकान पर चाय बनाते पत्रकार।











