जिला भदोही: पूरेखुशिहाल गांव में बांस के सहारे लटक रही बिजली की तार, हादसे का बढ़ा खतरा।
भदोही। जिले के पूरेखुशिहाल गांव से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही देखने को मिल रही है। गांव में बिजली की तारों को अस्थायी रूप से बांस के सहारे लटकाकर चलाया जा रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। खुले में और नीचे की ओर झुकी हुई बिजली की तारें गांव के लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करता नजर आ रहा है।
गांव वालों का कहना है कि बरसात के मौसम में खतरा और बढ़ गया है। तेज हवा, बारिश या बांस के कमजोर पड़ने की स्थिति में बिजली की तार कभी भी गिर सकती है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे? क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही कार्रवाई करेगा?
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और सुरक्षित तरीके से बिजली के खंभे एवं तारों की व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले लोगों की जान बचाई जा सके।
अब देखने वाली बात होगी कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन और विद्युत विभाग कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।













