जौनपुर: कछोटा बनकट, कांटी ग्राम पंचायत में 13 जून के तूफ़ान में गिरा बिजली का खम्भा, आज तक नहीं बहाल हुई बिजली, ग्रामीणों में आक्रोश।
जौनपुर | न्याय की बात
जौनपुर जिले के कछोटा बनकट, कांटी ग्राम पंचायत में 13 जून 2026 को आए तेज़ तूफ़ान ने ग्रामीणों की जिंदगी अंधेरे में धकेल दी। तूफ़ान के दौरान गांव का बिजली का खम्भा गिर गया, जिसके कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक खम्भा नहीं लगाया गया और गांव में बिजली बहाल नहीं हो सकी।
अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बिजली विभाग अब तक क्या कर रहा है?
क्या विभाग गहरी नींद में सो रहा है, या सब कुछ जानते हुए भी अनजान बना हुआ है?
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और बिजली विभाग को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गांव के लोगों का आरोप है कि बिजली ठीक कराने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिना बिजली के रात गुजारना बेहद मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, गर्मी में बुजुर्ग और महिलाएं परेशान हैं, वहीं मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं भी ठप पड़ी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि UPPCL की लापरवाही अब खुलकर सामने आ रही है। यदि समय रहते विभाग कार्रवाई करता, तो गांव के लोगों को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि गिरा हुआ खम्भा और खुले तार अभी भी दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए।
अब सवाल सीधे बिजली विभाग और प्रशासन से है—
क्या ग्रामीणों को रोशनी के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा?
क्या बिना पैसे दिए गांव में बिजली नहीं आएगी?
और सबसे बड़ा सवाल—
आखिर कब जागेगा बिजली विभाग?
न्याय की बात की टीम आज मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा खुलकर साझा की और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
Nyaykibaat.com













