सराय जगदीश रेलवे स्टेशन पर बदहाल व्यवस्था, खराब हैंडपंप से यात्रियों को नहीं मिल रहा पानी।
भदोही। गोपीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सराय जगदीश रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और पेयजल की आवश्यकता को देखते हुए लगाया गया हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है।
ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही यात्री पानी की तलाश में हैंडपंप तक पहुंचते हैं। लेकिन हैंडपंप चलाने के बाद भी जब पानी नहीं निकलता, तो यात्रियों को निराश होकर वापस लौटना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। यात्रियों के लिए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध न होना रेलवे व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
सबसे बड़ी बात यह है कि जब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए हैंडपंप लगाया गया है, तो उसकी नियमित देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग की होनी चाहिए। लेकिन खराब पड़े हैंडपंप की ओर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों ने संबंधित रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि सराय जगदीश रेलवे स्टेशन की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए और खराब पड़े हैंडपंप की तत्काल मरम्मत कराकर यात्रियों को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
अब देखना यह होगा कि यात्रियों की इस समस्या पर रेलवे विभाग कब तक संज्ञान लेता है और सराय जगदीश रेलवे स्टेशन की बदहाल व्यवस्था कब तक सुधरती है।
न्याय की बात के लिए, भदोही से रिपोर्ट।













